खतौली तहसील और विकासखंड कार्यालय का मंडलायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण और मनरेगा में प्रगति बढ़ाने के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर की खतौली तहसील और विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा मनरेगा कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले तहसील खतौली परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसील प्रांगण में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, हालांकि उन्होंने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को निर्देश दिए कि परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर निरंतर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस रजिस्टर, राजस्व वसूली रजिस्टर, वाद रजिस्टर, दाखिल-खारिज से संबंधित अभिलेखों, गार्ड फाइल पत्रावलियों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की जीपीएफ तथा सेवा पुस्तिकाओं का भी गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने तीन वर्ष से अधिक पुराने लंबित वादों को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों में कोई भी पत्रावली अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए और सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने वहां रखे अभिलेखों की व्यवस्था को परखा और निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को परगनावार सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए। साथ ही समय-समय पर अभिलेखों की जांच भी की जाए ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील में पहुंचे आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय खतौली का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विकासखंड परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए खंड विकास अधिकारी को विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्थापना पटल सहित अन्य विभागीय कार्यों, आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लेखा, लघु सिंचाई, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों का भी अवलोकन किया और आरआरसी सेंटर तथा सामुदायिक शौचालयों के संचालन और रखरखाव को नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला केयरटेकरों के भुगतान को समय से सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित किए जाएं ताकि निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पहले खतौली पहुंचने पर मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार को पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी खतौली निकिता शर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार, खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *