Headlines

होली से पहले जिला अस्पताल में देर रात छापा, सीएमओ ने इमरजेंसी व्यवस्थाओं की ली कड़ी परीक्षा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पावन पर्व होली को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रात 10:30 बजे तक जिला अस्पताल की इमरजेंसी और मुख्यालय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में सक्रियता साफ दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड व्यवस्था तथा आपातकालीन संसाधनों की स्थिति का गहन जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि होली जैसे बड़े पर्व पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को तत्काल व बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
इमरजेंसी विभाग में सीनियर इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. बाबूराम, फार्मासिस्ट रोहिताश, वार्ड बॉय महेश, वीरपाल सहित अन्य स्टाफ अपनी ड्यूटी पर तैनात मिले। सीएमओ ने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आमजन को उपचार के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि जनपद की सम्मानित जनता को निर्बाध और तत्पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
देर रात तक चले इस निरीक्षण को स्वास्थ्य विभाग की सख्ती और संवेदनशीलता के तौर पर देखा जा रहा है। होली पर संभावित आपात स्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले ही तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *