Homeराष्ट्रीयनहर पटरी के पास चल रहा था ‘नशे का खेल’, खतौली पुलिस...

नहर पटरी के पास चल रहा था ‘नशे का खेल’, खतौली पुलिस ने 2 किलो 800 ग्राम गांजे के साथ तीन तस्कर दबोचे

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खतौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत थाना खतौली पुलिस ने नहर पटरी के किनारे बने कब्रिस्तान के पास छापेमारी कर तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
थाना प्रभारी दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी मान रही है। पुलिस के अनुसार 26 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक नहर पटरी के पास गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र सुरेश चन्द कश्यप निवासी ग्राम बरला थाना छपार, टीटू पुत्र दयाराम निवासी मौहल्ला रामनगर ग्राम बरला थाना छपार तथा मंजीत पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम जंझेडी जाटान थाना खतौली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे काफी समय से नशे की तस्करी में लिप्त हैं और बरामद गांजा उन्होंने विनोद मेम्बर निवासी मौहल्ला देवीदास थाना खतौली से खरीदा था। पुलिस ने विनोद मेम्बर को वांछित घोषित कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
इस संबंध में थाना खतौली पर मु0अ0स0 56/26 धारा 8/20/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप द्विवेदी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल हेमन्त चौधरी और कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की।
जनपद में “ऑपरेशन सवेरा” के तहत लगातार हो रही कार्रवाइयों से नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments