जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Spread the love

आयुष्मान एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड निर्माण में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त चिकित्सा अधीक्षक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का वेतन बाधित करते हुए निर्देशित किया कि अपने अधीन संचालित प्रत्येक ऑपरेटर आईडी से प्रतिदिन न्यूनतम 5 आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। डीपीसी आयुष्मान भारत योजना में डॉ. नरेन्द्र को कार्य में अपेक्षित सुधार न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिदिन समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कितनी ऑपरेटर आईडी से कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। ऐसी आईडी को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्र रामपुर में कार्य निष्पादन संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए मोहल्ला पुराना आवास विकास कॉलोनी, थाना कुण्डा, तिलक कॉलोनी, दरख्तखिन्नी, इन्द्रा कॉलोनी, मस्जिद काले खां, साई विहार एवं घेर तोगा क्षेत्र की कुल 8 आशा कार्यकर्ताओं को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण सेवा से हटाने की कार्रवाई की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आमजन को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराया जाए डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि ग्राम सचिवों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को गति दी जाए। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी कोटेदारों की अनिवार्य रूप से ऑपरेटर आईडी बनवाकर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड तैयार कराए जाएं जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान लाभार्थियों के भुगतान में विलंब पाए जाने पर संबंधित नोडल अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित करने के निर्देश दिए गए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 23 मातृ मृत्यु रिपोर्ट होने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी भी प्रकरण में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित चिकित्सा अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उत्तरदायी होंगे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि टीकाकरण सत्र में आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की समस्त जांचें एमसीपी कार्ड में अनिवार्य रूप से अंकित कराई जाएं।
डीपीओ, आईसीडीएस को वीएचएनडी सत्रों में लॉजिस्टिक की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 दीपा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला पुरुष/महिला चिकित्सालय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, आईसीडीएस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *