रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। सरस्वती पैरामेडिकल कॉलेज, महेंगवा–मरदह, गाजीपुर के एक छात्र की मौत से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि छात्र कॉलेज की चार मंजिला इमारत की छत से गिरा था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि दो युवक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे हैं। वीडियो में दोनों युवक सीढ़ियों से होते हुए छत पर पहुंचते हैं, जहां छात्र छत के अंतिम छोर पर खड़ा नजर आ रहा है। इसी दृश्य को लेकर अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि कॉलेज में पढ़ रहे अन्य छात्रों और कॉलेज प्रबंधन को क्या पहले से इस बात की जानकारी थी कि छात्र कोई आत्मघाती कदम उठाने वाला है। यदि ऐसा था, तो समय रहते उसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की गई। वीडियो बनाने की बजाय छात्र को बचाने का प्रयास न किए जाने पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।
इस पूरे मामले में TNI 24 न्यूज स्पष्ट करता है कि वह वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जानी आवश्यक है।
फिलहाल छात्र की मौत को लेकर परिजन, स्थानीय लोग और छात्र समुदाय आक्रोशित हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई लापरवाही अथवा अन्य कारण जिम्मेदार हैं।
