रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। मनिहारी में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। क्षेत्रीय विधायक बेदी राम ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए कहा है कि स्कूल भवन के निर्माण में सेमा ईंट का प्रयोग किया जा रहा है, जो मानकों के विपरीत है। विधायक ने इस पूरे मामले की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।
विधायक बेदी राम ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल जैसी महत्वाकांक्षी योजना में यदि गुणवत्ता से समझौता किया गया तो यह बच्चों के भविष्य और सुरक्षा दोनों के साथ खिलवाड़ होगा। उन्होंने निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल के लिए 17 बीघा भूमि अधिकृत की गई थी, लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य केवल 11 बीघा भूमि में ही होता दिखाई दे रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि शेष 6 बीघा जमीन पर निर्माण आखिर कहां है? क्या यह निर्माण सिर्फ कागजों में ही दिखाया जा रहा है, या फिर जमीन के उपयोग को लेकर कोई बड़ा खेल हुआ है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जमीन और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। वहीं इस पूरे प्रकरण पर अब तक संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अब देखना होगा कि विधायक के आरोपों के बाद प्रशासन और शासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जाती है।
