मेरे भाई को इंसाफ चाहिए” — रो-रोकर बोली पीड़ित की बहन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए गंभीर सवाल, बुलडोजर एक्शन की मांग

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। सोनू कश्यप हत्याकांड में अब पीड़ित परिवार का दर्द और आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) के आंदोलन के बीच पीड़ित की बहन ने रोते-बिलखते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनके भाई को इंसाफ मिलना ही चाहिए, चाहे इसके लिए उन्हें कितनी ही लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े।
पीड़ित की बहन ने सवाल उठाया कि पुलिस एक नाबालिग को पकड़कर पूरे मामले को खत्म करने का प्रयास कर रही है और यह कह रही है कि उसी ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “मेरा भाई एक अच्छा-खासा, तंदुरुस्त युवक था। वह घर का अकेला सहारा था। एक नाबालिग बच्चा अकेले उसे कैसे जिंदा जला सकता है? साफ है कि इसमें कई लोग शामिल हैं और पूरी साजिश रची गई है।”


बहन ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर असली गुनहगारों को बचा रही है और कमजोर कड़ी पकड़कर केस को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की तुरंत निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए और हत्याकांड को साजिश मानते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए।
पीड़ित की बहन यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने गुस्से और दर्द में कहा कि जिन दोस्तों और आरोपियों ने मिलकर उनके भाई की हत्या की है, उनके खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान मौके पर मौजूद सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. देवेंद्र कश्यप ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई अब संगठन की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जब तक सोनू कश्यप को इंसाफ नहीं मिलता, तब तक आंदोलन और तेज किया जाएगा। आने वाले दिनों में मेरठ में होने वाली “महाभारत पंचायत” में बड़े आंदोलन का फैसला लिया जाएगा, जिसमें रेलवे जाम, रोड जाम जैसे कड़े कदम भी शामिल हो सकते हैं।
पूरे घटनाक्रम ने इलाके में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *