Homeराष्ट्रीययूपी STF का बड़ा एक्शन: D-68 गैंग का एक लाख का इनामी...

यूपी STF का बड़ा एक्शन: D-68 गैंग का एक लाख का इनामी सिराज अहमद मुठभेड़ में ढेर, अपराध की दुनिया का ‘किंगपिन’ समाप्त

रिपोर्ट – जाहिद अंसारी

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात डी-68 गैंग के सरगना और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी सिराज अहमद उर्फ जलीस को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ गंगोह थाना क्षेत्र में हुई, जहां सिराज किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में छिपा हुआ था।


एसटीएफ को इनपुट मिला था कि मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य सिराज अहमद पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पार कर सहारनपुर के गंगोह इलाके में दाखिल हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख सिराज ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सिराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


सिराज अहमद सुल्तानपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रासुका सहित करीब 30 संगीन मुकदमे दर्ज थे। वह वर्ष 2023 में सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता आजाद अहमद की सरेराह हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था। पुलिस पहले ही उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति और लग्जरी वाहन कुर्क कर चुकी थी।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो पिस्टल (30 और 32 बोर), भारी मात्रा में कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, वाई-फाई डोंगल सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात सागर जैन मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनामी और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments