रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबन्ध तथा प्रभावी एवं कठोर नियंत्रण स्थापित किए जाने के उद्देश्य से अधोहस्ताक्षरी के निर्देशानुसार जनपद की समस्त तहसीलों के प्रमुख चौराहों पर कुल 08 चेक-प्वाइंट स्थापित किए गए हैं।
उक्त चेक-प्वाइंटों पर प्रवर्तन की कार्यवाही को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने हेतु प्रतिदिन दो पालियों में, रात्रि 08:00 बजे से 02:00 बजे तक तथा रात्रि 02:00 बजे से प्रातः 07:00 बजे तक, संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति में सघन चेकिंग अभियान संचालित किए जाने के निर्देश निर्गत किए गए हैं।
इसी क्रम में, दिनांक 16 दिसम्बर 2025 की रात्रि में अधोहस्ताक्षरी द्वारा पुलिस अधीक्षक रामपुर एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के साथ जनपद में स्थापित किए गए चेक-प्वाइंटों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने चेक-प्वाइंटों पर ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को चेकिंग अभियान को सतत, सघन एवं पूर्णतः सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अधोहस्ताक्षरी द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 16.12.2025 को चेकिंग स्थलों पर ड्यूटीरत टास्क फोर्स टीमों द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त कुल लगभग 662 वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान तहसील टाण्डा क्षेत्रान्तर्गत 02 वाहन तथा तहसील बिलासपुर क्षेत्रान्तर्गत 02 वाहन, इस प्रकार कुल 04 वाहन ओवरलोडिंग करते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए वाहनों को सीज कर संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया।
जनपद में अधोहस्ताक्षरी के निर्देशों के अनुपालन में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध आगे भी निरंतर सघन चेकिंग अभियान संचालित करते हुए विधिसम्मत एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाती रहेगी।
