युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं खेल: आकाश
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। रामपुर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी निर्माण करते हैं। खेलों के माध्यम से युवा जीवन में चुनौतियों का सामना करना सीखते हैं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
बमनपुरी स्थित स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित नगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक खेल स्पर्धा 2025 का शुभारंभ शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर खेल प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हुआ। सौ मीटर बालक वर्ग में नरेंद्र पाल प्रथम, अनिल द्वितीय एवं प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में गुनगुन पहले, मसीयत दूसरे और निबिया तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका वर्ग में सिमरन प्रथम, आयुषी द्वितीय और काजल तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि बालक वर्ग में अजय, अंकुश एवं महावीर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। आठ सौ मीटर सब जूनियर बालिका वर्ग में छवि ने प्रथम, इशिका ने द्वितीय एवं संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 15 सौ मीटर जूनियर बालक वर्ग में जितेंद्र पहले स्थान पर रहे, जबकि सुनील दूसरे और अमित तीसरे स्थान पर रहे। वॉलीबाल सीनियर वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज प्रथम एवं जैन इंटर कालेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। इसी तरह अन्य प्रतियोगिता भी हुईं। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का आयोजन क्षेत्र के युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के लिए किया गया है तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। विधायक खेल स्पर्धा युवाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का एक सशक्त मंच साबित हो रही है, जिससे उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिल सकेगी। वहीं, विधायक ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया संचालन तृप्ति माहौर और व्यवस्थापक आंचल चौधरी रहीं इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंजली अग्रवाल, जिला क्रीड़ाधिकारी संतोष कुमार, युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार, कार्यक्रम प्रभारी ब्रजेश कुमार विश्नोई, महावीर, हरपाल रहमाना आदि उपस्थित रहे वहीं, शेष खेल प्रतियोगिताएं कल होंगी।
शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की खेल प्रतियोगिताओं में रहा बेसिक शिक्षा विभाग का दबदबा
विधायक खेल स्पर्धा के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में रामपुर शहर में नया प्रयोग किया गया। इसमें बच्चों के साथ ही शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग का दबदबा रहा। शिक्षकों का आठ-आठ ओवर का क्रिकेट टूर्नामेंट हुआ, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग की टीमें आमने सामने थीं। बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग की टीम में छह विकेट के नुकसान पर सिर्फ 52 रन ही बना सकी। वहीं, शिक्षिकाओं की रूमाल छू प्रतियोगिता हुई। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षिकाओं को सात प्वाइंट मिले, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग को चार प्वाइंट मिले। इस तरह बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाएं विजयी रहीं।
हरियाल के बच्चों की डंबल पीटी ने जीता विधायक का दिल
विधायक खेल स्पर्धा में हरियाल उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने शानदार डंबल पीटी का आयोजन किया। लय, ताल और अनुशासन में बच्चों की पीटी आकर्षक रही। वहीं, बच्चों ने विभिन्न करतब भी दिखाए।
