सुबह से शाम तक लाइनों में खड़े रहे किसान
रिपोर्ट – अनिल कुमार

बिंदकी। बुधवार को इफको किसान सेवा केन्द्र बिंदकी में खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था चरम पर रही। सुबह से लेकर शाम तक किसान लंबी लाइनों में खड़े होकर ठंड और धूप दोनों का सामना करते रहे। भीड़ बढ़ने पर हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर मौजूद रहना पड़ा, लेकिन किसानों की परेशानी कम नहीं हुई। किसानों का कहना था कि केंद्र पर न तो पर्याप्त स्टाफ मौजूद रहा और न ही भीड़ को नियंत्रित करने की कोई पुख्ता व्यवस्था दिखाई दी। कई किसान घंटों इंतजार करने के बावजूद खाली हाथ वापस लौटने को मजबूर हुए। बुजुर्ग और महिलाएं लंबी कतारों में सबसे ज्यादा परेशान नजर आईं। स्थानीय किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर साल खाद वितरण के समय यही हालात बनते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ठोस सुधार नहीं करता। किसानों की मांग है कि खाद वितरण प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि उन्हें अपनी जरूरत की खाद लेने के लिए इस तरह की अव्यवस्था न झेलनी पड़े।
