मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 122 में से 102 विवाह सम्पन्न

Spread the love

अमौली में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत शनिवार को अमौली स्थित ‘लगन गेस्ट हाउस’ में भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह का आयोजन किया गया। योजनांतर्गत कुल 122 पंजीकृत जोड़ों में से 102जोड़ों ने परंपरागत रीति-रिवाजों एवं धार्मिक विधानों के साथ एक-दूसरे का हाथ थामा।समारोह में शेषमढ़ी सिंह (परियोजना निदेशक), जिला कृषि निदेशक नरोत्तम कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता संतोष गुप्ता, राज निषाद, शांति वर्मा, मालती वर्मा एवं जयइंद्री बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत सहायक बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बड़ी चिंता को दूर करती है और समाज में समरसता एवं सामाजिक संवेदनशीलता को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम में देवमई ब्लॉक से 27 जोड़े, अमौली ब्लॉक से 30 जोड़े तथा खजुहा ब्लॉक से 38 जोड़े शामिल हुए। सभी जोड़ों के लिए भोजन,विवाह-समारोह व्यवस्था तथा धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित तरीके से कराई गई।
समारोह के संचालन में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खजुहा ब्लॉक से ग्राम विकास अधिकारी नीरज सिंह, शिव प्रकाश एवं धर्मेंद्र यादव,एडीओ पंचायत अधिकारी रामकृपाल; देवमई ब्लॉक से ग्राम विकास अधिकारी कैलाश कुमार उत्तम तथा अमौली ब्लॉक से पंचायत सचिव सचिन कुमार उत्तम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित उपहार सामग्री वितरित की गई और उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *