रिपोर्ट – एकरार खान

गाज़ीपुर। मनिहारी शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रंजीतपुर से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि कक्षा में पढ़ाई के दौरान एक अध्यापक आराम से सोते हुए दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जहां बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी अध्यापकों पर होती है, वहीं कक्षा के समय ऐसी लापरवाही असहनीय है। वायरल वीडियो ने न सिर्फ विद्यालय प्रशासन बल्कि शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।इस पूरे प्रकरण पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) हेमवंत कुमार का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शिक्षा विभाग समय-समय पर विद्यालयों की निगरानी करे तो ऐसे मामलों पर लगाम लगाई जा सकती है। उधर, इस घटना ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
