रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। अमौली विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में बाल दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूलों में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी-अपनी दुकानें सजाकर रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल और क्राफ्ट स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। अनेक बच्चों ने चाट, गुब्बारे, खिलौने, हस्तनिर्मित सामान, चॉकलेट व अन्य वस्तुओं की दुकानें लगाईं, जिन पर साथियों और शिक्षकों की खूब आवाजाही देखने को मिली। बाल मेले में शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ चाऊमीन, बर्गर सहित अन्य व्यंजनों का आनंद लिया। मेले के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, मस्ती और सीख से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस का महत्व समझाया तथा उन्हें हमेशा सकारात्मक सोच, अनुशासन और शिक्षा के प्रति लगन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अमौली विकासखंड के सभी विद्यालयों में आयोजित यह बाल मेला बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने का भी एक शानदार अवसर साबित हुआ।
