स्कूल वैन की चपेट में आया मासूम, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपुर में शनिवार की सुबह उस समय हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला, जब एक स्कूल वैन की चपेट में आने से ढाई वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, उमरपुर निवासी शुभम सैनी पुत्र श्यामलाल सैनी का ढाई वर्षीय पुत्र केशव घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान ग्रीन पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए गांव में आई थी। बताया जा रहा है कि वैन चालक को अचानक बच्चे के आने का आभास नहीं हुआ और वैन मासूम को कुचलती चली गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल केशव को परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उमरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुभम सैनी के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव के लोग इस घटना को लेकर गहरे शोक में हैं तथा स्कूल प्रशासन और चालक की लापरवाही को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

गौरतलब है कि आए दिन स्कूल वैन चालकों की लापरवाही से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे छोटे-छोटे मासूमों की जान चली जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वैन चालकों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *