Homeउत्तर प्रदेशनई मंडी में पुलिस मुठभेड़, 15 मुकदमों में नामजद वाहन चोर गोली...

नई मंडी में पुलिस मुठभेड़, 15 मुकदमों में नामजद वाहन चोर गोली लगने से घायल

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और वाहन चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से शातिर वाहन चोर ताज मोहम्मद घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना नई मंडी पुलिस टीम बझेड़ी अंडरपास पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-58 से ग्राम बझेड़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मुखबिर को साथ लेकर बताए गए रास्ते पर पहुंची। कुछ दूरी पर खड़ी मोटरसाइकिल और संदिग्ध व्यक्ति को देखकर मुखबिर ने उसकी पहचान कराई।

पुलिस टीम संदिग्ध से पूछताछ करने के लिए आगे बढ़ी तो उसने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ताज मोहम्मद पुत्र मुल्ला कासिम निवासी नई बस्ती, थाना भोपा, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

15 मुकदमों का दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, ताज मोहम्मद का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक मुजफ्फरनगर के भोपा, सिविल लाइन और नई मंडी थानों में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, चोरी का माल बरामद होने, आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। भोपा थाने में वर्ष 2023 में चोरी और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। सिविल लाइन और नई मंडी थानों में भी उसके खिलाफ पहले कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।

प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई

पूरी कार्रवाई थाना नई मंडी के प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुभव चौधरी, प्रदीप द्विवेदी और संदीप चौधरी के अलावा हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, शीतल देव तथा कांस्टेबल नवीन कुमार, अखिलेश, राजीव अत्री और प्रदीप कसाना शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments