रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को श्री गुरु सिंह सभा की ओर से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गांधी कॉलोनी गुरुद्वारे से शुरू हुआ नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ रात आठ बजे रोडवेज स्थित गुरुद्वारे में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में उमड़ी संगत, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और पंजाब से आई गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
नगर कीर्तन का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंकुर दुआ और विधायक एवं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने पांच प्यारों को फूलमालाएं पहनाकर तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी पर पुष्पवर्षा कर किया। इसके बाद निशान साहिब दिखाकर नगर कीर्तन को रवाना किया गया। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान और सचिव सरदार अजीत सिंह मलिक ने अतिथियों को सिरोपा और शील्ड भेंटकर सम्मानित किया।
नगर कीर्तन गांधी कॉलोनी से शुरू होकर लिंक रोड, भोपा रोड, अंसारी रोड, रुड़की रोड, शिव चौक, गुरु तेग बहादुर मार्केट और झांसी रानी रोड होते हुए रोडवेज गुरुद्वारे पहुंचा। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से नगर कीर्तन का स्वागत किया। विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से जगह-जगह प्रसाद के स्टॉल भी लगाए गए।
नगर कीर्तन में गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य पालकी आकर्षण का केंद्र रही। पालकी के आगे पांच प्यारे और पांच निशानची चल रहे थे। उनके आगे श्रद्धालु रास्ते में झाड़ू लगाकर और पानी का छिड़काव करते हुए सेवा करते नजर आए। वाहेगुरु के जयकारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। गांधी कॉलोनी, नुमाइश कैंप और घास मंडी की प्रभात फेरियां भी कीर्तन करते हुए नगर कीर्तन में शामिल हुईं।
पंजाब से आईं पांच आकर्षक झांकियों, निहंग सिंहों की टोली और गतका पार्टी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। गतका पार्टी के सदस्यों ने पारंपरिक युद्धकला के रोमांचक करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शहर के मशहूर बैंड, पंजाब से आए पाइप बैंड और गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल के दशमेश बैंड ने धार्मिक धुनों से माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। आसपास के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पहुंची संगत ने भी उत्साह के साथ भागीदारी की।
नगर कीर्तन के मार्ग को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। रुड़की रोड से शिव चौक, झांसी की रानी और रोडवेज गुरुद्वारे तक सजावट देखते ही बन रही थी। आयोजन की खास बात यह रही कि नगर कीर्तन के पीछे सफाई के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली भी चल रही थी, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा इस्तेमाल किए गए पत्तल, दोने और गिलास एकत्र किए जा रहे थे। इससे धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के इंतजाम किए गए।
श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान और सचिव सरदार अजीत सिंह मलिक ने पूरे आयोजन की व्यवस्था संभाली। सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सफेद कुर्ता-पायजामा, नीली पगड़ी और हाथों में कृपाण धारण कर सेवा में योगदान दिया। सभा की ओर से बाहर से आई संगत और गांवों से ट्रॉलियों में पहुंचे श्रद्धालुओं को मिष्ठान प्रसाद, सिरोपा और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
24 नवंबर को मनेगा प्रकाश पर्व
श्री गुरु सिंह सभा की ओर से श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को रोडवेज स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित होगा।

