कंबोडिया तक जुड़े तार, गरीबों की आईडी पर जारी कराते थे सिम और विदेश में बेचते थे ओटीपी; डिजिटल अरेस्ट में 20.94 लाख की ठगी का खुला राज, तीन आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी ओटीपी और ऑनलाइन ठगी के पीछे चल रहे साइबर अपराध के बड़े नेटवर्क का मुजफ्फरनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गरीब और भोले-भाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनकी आईडी पर सिम कार्ड जारी कराए जाते थे। इन सिम कार्डों को सक्रिय करने के बाद उनसे मिलने वाले ओटीपी का सौदा साइबर अपराधियों से किया जाता था। पुलिस की जांच में 3648 यूनिक सिम कार्डों का इस्तेमाल सामने आया है। इस नेटवर्क की कड़ियां अमरोहा से लेकर कंबोडिया तक जुड़ी मिली हैं।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने प्रेसवार्ता कर पूरे साइबर ठगी के काले खेल का विस्तार से खुलासा किया। उन्होंने बताया कि डिजिटल अरेस्ट के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस इस बड़े नेटवर्क तक पहुंची। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
नौ दिन डिजिटल अरेस्ट रखकर ठगे 20.94 लाख
एसएसपी के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को फोन किया। उसे बताया गया कि उसका मोबाइल सिम आतंकवादियों के पास कश्मीर में मिला है और उसके एचडीएफसी बैंक खाते में 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है। इसके बाद आरोपियों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर पीड़ित को डराना शुरू कर दिया।
व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट, गोपनीयता समझौता और सरकारी एजेंसियों के नाम से फर्जी नोटिस भेजे गए। पीड़ित को गिरफ्तारी और आजीवन कारावास का डर दिखाकर किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया। 15 से 23 अक्टूबर तक नौ दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर उससे 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एक सिम के पीछे निकले कई मोबाइल, 3648 नंबरों का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप चैट और संदिग्ध बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसमें पता चला कि अधिकांश सिम कार्ड अमरोहा से जारी हुए थे, जबकि संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित होने के संकेत मिले।
पुलिस ने करीब 49 आईएमईआई नंबरों का विश्लेषण किया। जांच में 8223 सिम कार्डों का डाटा मिला, जिनमें से 3648 यूनिक सिम कार्ड सामने आए। इनमें वीआई कंपनी के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिम कार्ड शामिल हैं। इन सिम कार्डों के संचालन में लावा, रेडमी, वीवो, रियलमी, जी-फाइव और जियो फोन का इस्तेमाल भी सामने आया।
सरकारी योजनाओं के नाम पर गरीबों की आईडी का इस्तेमाल
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और एनजीओ के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देते थे। इस बहाने उनकी केवाईसी कराकर उनकी पहचान पर सिम कार्ड जारी करा लिए जाते थे। इसके बाद सिम कार्ड डिस्ट्रीब्यूटर और पीओएस एजेंट के माध्यम से सक्रिय कराए जाते थे।
पुलिस जांच में अक्षय कुमार अग्रवाल की भूमिका डिस्ट्रीब्यूटर और अब्दुल मलिक की भूमिका पीओएस एजेंट के रूप में सामने आई। अब्दुल मलिक को प्रत्येक सिम सक्रिय करने के बदले पांच रुपये दिए जाते थे। सक्रिय सिम आगे अक्षय के पास पहुंचते और फिर मोनू के माध्यम से अंकुश सैनी तक जाते थे। पुलिस के मुताबिक, अंकुश करीब 150 रुपये प्रति सिम के हिसाब से इन्हें खरीदता था।
ओटीपी की भी थी कीमत, व्हाट्सएप पर चल रहे थे ग्रुप
गिरोह का अगला काम सिम से मिलने वाले ओटीपी को बेचना था। पुलिस के अनुसार, अंकुश सैनी ने अलग-अलग साइबर अपराधियों से संपर्क के लिए व्हाट्सएप पर कई ग्रुप बना रखे थे। उसके मोबाइल में न्यू स्टॉक नाम का एक ग्रुप भी मिला, जिसमें करीब 2700 नंबर दर्ज बताए गए हैं।
पूछताछ में ओटीपी की एक रेट लिस्ट भी सामने आई। फ्लिपकार्ट के ओटीपी की कीमत आठ रुपये, मिंत्रा की 10 रुपये, गेमिंग की 12 रुपये और गैस एजेंसी डिलीवरी कोड की चार रुपये बताई गई। वहीं व्हाट्सएप के 10 दिन के लिए 150 रुपये, 20 दिन के लिए 220 रुपये और अनलिमिटेड सेवा के लिए 300 रुपये वसूले जाने की जानकारी मिली।
डिजिटल अरेस्ट से लेकर ऑनलाइन रिफंड फ्रॉड तक कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि इन ओटीपी का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग, हनीट्रैप और निवेश के नाम पर धोखाधड़ी में किया जाता था। इसके अलावा अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा जैसी शॉपिंग साइट और ब्लिंकिट, जोमैटो तथा स्विगी जैसी डिलीवरी कंपनियों के नाम पर ऑर्डर कैंसिल और रिफंड से जुड़े फर्जीवाड़े की जानकारी भी मिली।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि कुछ साइबर अपराधी ग्राहकों को आकर्षक ऑफर देकर ऑर्डर और रिफंड के नाम पर ठगी करते थे। कथित तौर पर रिफंड की रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा अपने पास रखने की बात भी सामने आई है।
अमरोहा के तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अंकुश सैनी पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह निवासी मुकिमपुरा, थाना मंडी धनौरा, अमरोहा, अक्षय कुमार अग्रवाल पुत्र राजकुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर, अमरोहा और अब्दुल मलिक पुत्र तव्वाब अहमद निवासी नियारियान, अमरोहा शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मामले में साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 38/2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, गौरव कुमार, जय शर्मा, पंकज कुमार सहित पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण में कंप्यूटर ऑपरेटर ज्ञान सिंह और अतुल सिंह ने सहयोग किया।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया कि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेश में बैठे साइबर अपराधियों की कड़ियों की भी जांच कर रही है। 3648 सिम कार्डों का सामने आया आंकड़ा इस मामले को गंभीर बनाता है। अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि इन सिम कार्डों से कितने लोगों को निशाना बनाया गया और ठगी की रकम किन-किन खातों तक पहुंची।

