Homeउत्तर प्रदेशकार्तिक पूर्णिमा मेले पर एसएसपी सूरज राय का सुरक्षा पहरा, शुक्रतीर्थ में...

कार्तिक पूर्णिमा मेले पर एसएसपी सूरज राय का सुरक्षा पहरा, शुक्रतीर्थ में परखी तैयारियां

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शुक्रवार को एसएसपी सूरज कुमार राय ने शुक्रतीर्थ गंगा घाट और मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की। उन्होंने घाटों से लेकर मेला क्षेत्र तक पुलिस व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को परखा। इसके बाद मेला ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के साथ जलस्तर, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाए और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने और पीए सिस्टम से जरूरी सूचनाओं का प्रसारण सुनिश्चित करने को भी कहा।

गंगा में गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने जल पुलिस को सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

ड्यूटी में लापरवाही न बरतने की हिदायत

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल के साथ बैठक की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने और लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने पर जोर दिया। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एएसपी एवं सीओ नगर सिद्धार्थ के. मिश्र, सीओ भोपा राधा रमण सिंह, सीओ सदर सुनील कुमार, सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह, सीओ फुगाना नरेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments