रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शिवसेना के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्था केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) की गवर्निंग बॉडी का सदस्य नामित किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ उनका कार्यकाल 11 अगस्त 2028 तक रहेगा। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी को मुजफ्फरनगर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ललित मोहन शर्मा के सदस्य नामित होने की खुशी में मुजफ्फरनगर के प्रकाश चौक स्थित शिवसेना कार्यालय पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं गुलदस्तों से उनका स्वागत करते हुए अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता शरद कपूर ने किया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान से जुड़ी देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्था की गवर्निंग बॉडी में स्थान मिलना बड़ी उपलब्धि है। इससे मुजफ्फरनगर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ललित मोहन शर्मा अपने अनुभव और मार्गदर्शन से आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि ललित मोहन शर्मा को मिली यह जिम्मेदारी संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस दौरान मुकेश त्यागी, देवेंद्र चौहान, पूनम चौधरी, ब्रजपाल कश्यप, सत्येंद्र प्रधान, विकास ठाकुर, वेदप्रकाश त्यागी, संजीव वर्मा, अनुज चौधरी, संजू कश्यप, अरविंद शर्मा, अमित मित्तल, ललित पुन्हेड़ा, विशाल वर्मा, शिवम, मुकुल, अर्जुन, पंकज गर्ग, राहुल गर्ग, बंधु वर्मा, प्रशांत रावत, उज्ज्वल पंडित और अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने ललित मोहन शर्मा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

