रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। यातायात माह के तहत मंगलवार को एसडी पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक यातायात मनमोहन सिंह, मुख्य आरक्षी जावेद अली और मुख्य आरक्षी मंटी कुमार ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को यातायात नियमों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की जानकारी दी। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा के जरूरी नियमों की जानकारी देने के साथ शपथ भी दिलाई गई। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

