Homeउत्तर प्रदेशबाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने ली शपथ, 2030 तक कुप्रथा खत्म...

बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने ली शपथ, 2030 तक कुप्रथा खत्म करने का संकल्प

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को शाहपुर ब्लॉक के गांव काकड़ा स्थित स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान बालिकाओं ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालता है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनके आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो जाते हैं।

उन्होंने बताया कि देश में बाल विवाह समाप्त करने के लिए वर्ष 2030 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कानून के अनुसार लड़की की शादी की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष है। इससे कम उम्र में विवाह कराना, उसमें शामिल होना या उसे बढ़ावा देना दंडनीय अपराध है। दोषियों के लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि आसपास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही इस कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है।

इस दौरान छात्राओं ने ‘हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा’ का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में प्रवक्ता मीनाक्षी रानी, अंजली, रवीना, काजल और सानिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments