रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह ने रविवार को थाना ककरौली का त्रैमासिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने थाना कार्यालय से लेकर मालखाने, हवालात, बैरक और मेस तक का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाने पहुंचने पर गार्द ने क्षेत्राधिकारी को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने उपनिरीक्षकों और बीट पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध निस्तारण किया जाए। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में भी किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
बीट पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने और आपराधिक व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस तक पहुंचने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने पर जोर दिया।
क्षेत्राधिकारी ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष ककरौली दीपक चौधरी सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

