रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की एक दिवसीय अंतरमहाविद्यालय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में श्रीराम कॉलेज की टीम ने एसडी डिग्री कॉलेज, मुजफ्फरनगर को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। श्रीराम कॉलेज की टीम ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाते हुए अपने विरोधियों पर दबदबा बनाए रखा। पहले लीग मुकाबले में श्रीराम कॉलेज ने आईआईएमटी कॉलेज, सहारनपुर की टीम को एकतरफा अंदाज में 15-2 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मुजफ्फरनगर की टीम को 12-9 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
इसके बाद एसडी डिग्री कॉलेज, मुजफ्फरनगर के साथ हुए निर्णायक मुकाबले में भी श्रीराम कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेजी और खेल कौशल का परिचय दिया। टीम ने 10-6 के अंतर से जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, मेहनत और बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया। महाविद्यालय लौटने पर विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया गया और उन्हें प्रतीक चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया।
श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने कहा कि महाविद्यालय के खिलाड़ी प्रत्येक वर्ष विश्वविद्यालय स्तर की अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान को गौरवान्वित कर रहे हैं। यह सभी के लिए गर्व की बात है। उपप्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित प्रवक्ता भूपेंद्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप कुमार, अमरदीप, प्रशांत और तरुण मौजूद रहे।
