रिपोर्ट- ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में शरद पूर्णिमा और आगामी दीपावली अमावस्या पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने परिक्रमा मार्ग और रामघाट का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
शरद पूर्णिमा एवं आगामी दीपावली अमावस्या पर्व के दृष्टिगत चित्रकूट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने परिक्रमा मार्ग और रामघाट क्षेत्र में पैदल गश्त कर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से कार्य करने, श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
