Homeउत्तर प्रदेशदेवा मेला-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, समीक्षा बैठक...

देवा मेला-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट – संदीप वर्मा 

बाराबंकी। बाराबंकी में देवा मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य स्वरूप में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने आज शनिवार को मेला परिसर के प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके उपरांत अधिकारियों एवं मेला कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि देवा मेला जनपद की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। मेले में आने वाले जायरीन को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालयों, आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा अन्य जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता की निरंतर निगरानी की जाए, पर्याप्त सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को सभी प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक प्रबंध रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय सहायता, आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा प्रबंध, नियमित गश्त, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य निगरानी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखने, महिला जायरीन की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया |

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मेला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments