धर्मवीर बालियान बोले—खिलाड़ियों की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा, खेलों से बढ़ता है अनुशासन और आत्मविश्वास
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। प्रदेश की विजेता कबड्डी टीम के खिलाड़ियों को जाट महासभा, उत्तर प्रदेश ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। महासभा के पदाधिकारियों और संरक्षक मंडल ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल के मैदान में हासिल की गई सफलता युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देकर ही उन्हें बड़े मुकाम तक पहुंचने का अवसर दिया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एमपी सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव जयवीर सिंह ने किया। समारोह में विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान युवाओं को खेलों से जोड़ने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने और उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाने पर जोर दिया गया।
15 खिलाड़ियों को किया सम्मानित
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में शक्ति सिंह, रोबिन पवार, विवेक, भारत बालियान, अर्पित बालियान, अर्जुन कुमार, देवांश बालियान, उज्ज्वल, भगवान, पुलकित बालियान, अभिषेक बालियान, आर्यन सहरावत, वंश चौहान, आयुष बालियान और कार्तिक मलिक शामिल रहे। महासभा के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रदर्शन से नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
खेल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना बढ़ाते हैं
जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम और टीम भावना विकसित होती है। उत्तर प्रदेश की विजेता कबड्डी टीम के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें और अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन करें। खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
प्रतिभाओं को सम्मान देना संगठन की प्राथमिकता
जाट महासभा के प्रेस प्रवक्ता बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी कार्यक्रम उत्साहपूर्ण रहा। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान मिलती है और उनका मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि महासभा समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक प्रगति से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान जाट महासभा के अलंकरण समारोह की समीक्षा भी की गई। समारोह की तैयारियों और पहले लिए गए निर्णयों पर चर्चा के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों तथा समाजहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला महासचिव जयवीर सिंह, जिला संयोजक धर्मेंद्र तोमर, संरक्षक जसबीर सिंह राणा, सदस्य जसवीर सिंह, रमेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ यशपाल सिंह, प्रदीप सिंह, प्रवेंद्र दहिया, राहुल पंवार, धर्मवीर सिंह, विवेक, भारत, उज्ज्वल बालियान, वीरेंद्र कुमार, विजेंद्र चौधरी, यशपाल सिंह विश्व बंधु, नरेंद्र पाल सिंह, चंद्रवीर सिंह और चांद वीर सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
