रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में समाज कल्याण, चकबंदी, श्रम विभाग, विद्युत, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर पहुंचकर करें शिकायतों का निस्तारण
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच करें और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों का निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि उसे अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने सभी अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में भी गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
शिकायतकर्ता से लें फीडबैक, मौके की फोटो भी कराएं
डीएम ने शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इसके साथ ही मौके की फोटो भी कराई जाए, ताकि निस्तारण की प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी बुढ़ाना सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार बुढ़ाना भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
