Homeउत्तर प्रदेशबेटे की भविष्यवाणी गलत निकली तो पुजारी से हुआ विवाद, पिता-पुत्र ने...

बेटे की भविष्यवाणी गलत निकली तो पुजारी से हुआ विवाद, पिता-पुत्र ने रची हत्या की साजिश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भौराकलां गांव के शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पुजारी की बेटे के जन्म को लेकर की गई भविष्यवाणी गलत साबित होने पर उनसे विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दोनों ने हत्या की साजिश रची। इतना ही नहीं, वारदात के बाद अपने पड़ोसी को हत्या के मामले में फंसाने के लिए उसके फोटो घटनास्थल पर डाल दिए, ताकि पुलिस का शक उस पर जाए।

13 अक्तूबर को हुई इस हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, एसएसपी सूरज कुमार राय और एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। एसएसपी ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।

सिसौली मोड़ से दबोचे गए आरोपी

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में भौराकलां पुलिस, एसओजी, तितावी और फुगाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए 15 अक्तूबर को शिकारपुर रोड स्थित सिसौली मोड़ चौराहे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान पुत्र हाशिम और हाशिम पुत्र होशियारा, निवासी भौराकलां के रूप में हुई है। दोनों पिता-पुत्र हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने में यक्ष ऐप से मिली तकनीकी सहायता और सूचनाओं की अहम भूमिका रही। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

पड़ोसी को फंसाने के लिए रची साजिश

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्वामी देवानंद भारती ने उन्हें बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। इस बात को लेकर उनका पुजारी से विवाद हुआ था। इसके अलावा पड़ोसी हरेंद्र से भी उनका विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी के चलते आरोपियों ने पुजारी की हत्या कर हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची।

आरोप है कि दोनों ने हरेंद्र के मोबाइल की व्हाट्सएप डीपी पर लगी तस्वीर निकालकर उसकी पासपोर्ट साइज फोटो बनवाईं। हत्या के बाद इन तस्वीरों को घटनास्थल पर डाल दिया, जिससे पुलिस को हरेंद्र पर शक हो और वह हत्या के मामले में फंस जाए। हालांकि, इस साजिश का खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद हुआ।

बाइक और दो तमंचे बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ग्लैमर मोटरसाइकिल, दो तमंचे .315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल का नंबर DL 7 SAY 7155 बताया गया है। मामले में थाना भौराकलां पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चार थानों की टीम ने की कार्रवाई

हत्याकांड के खुलासे में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, फुगाना थाना प्रभारी बबलू कुमार, तितावी थानाध्यक्ष जयवीर सिंह, एसओजी प्रभारी मोहित कुमार, एसओजी देहात प्रभारी मोहित कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोमप्रकाश सिंह और भौराकलां थाने के उपनिरीक्षक जीतन सिंह, आकाश सिंह, शैलेश कुमार, पिंकू कुमार व शेषपाल सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। संयुक्त टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments