रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जड़ौदा में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मकान से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात के बाद रसोई में गैस सिलेंडर का पाइप खोलकर आग लगाने की कोशिश किए जाने का मामला भी सामने आया। सिलेंडर में गैस कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। चोरों की इस खतरनाक हरकत से परिवार की जान-माल पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।
गांव जड़ौदा निवासी राधेश्याम अपने परिवार के साथ सोनीपत में रहता है। गांव स्थित उसका मकान काफी समय से बंद था। गुरुवार सुबह उसके भाई सोनी ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राधेश्याम गांव पहुंचा तो घर का सामान बिखरा मिला और नकदी व जेवरात गायब थे।
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब ढाई लाख रुपये की नकदी के साथ उसकी पत्नी और पुत्रवधू के जेवरात भी चोरी कर ले गए। चोरी के बाद रसोई में गैस सिलेंडर का पाइप खुला मिला और वहां रखी सामग्री में आग लगाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। सिलेंडर में गैस कम होने से आग ने विकराल रूप नहीं लिया और अनहोनी टल गई।
घटना के बाद राधेश्याम भारतीय किसान यूनियन के जिला महासचिव अहसान त्यागी के साथ थाना मंसूरपुर पहुंचा और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
