रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में थार गाड़ी से सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने के मामले में मिशन शक्ति टीम ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, संधावली कट के पास युवक सड़क पर स्टंट कर रहे थे। इससे वहां से गुजरने वाली छात्राओं, महिलाओं और आम लोगों में दहशत का माहौल बन रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था और महिला सुरक्षा में बाधा डालने के आरोप में तीनों को हिरासत में लिया।
मंगलवार, 13 अक्टूबर को मंसूरपुर थाने की मिशन शक्ति टीम एंटी रोमियो स्क्वाड के साथ संधावली कट के पास जागरूकता अभियान चला रही थी। इसी दौरान थार गाड़ी से स्टंटबाजी और हुड़दंग किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, टीम ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अभद्रता करने लगे। इसके बाद पुलिस ने सुबह करीब 11:25 बजे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संधावली निवासी साहिब (20), जैनेद (21) और गुफरान (25) के रूप में हुई है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बालिस्टर त्यागी, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका कुमारी और महिला कांस्टेबल आकृति, सीमा, खुशबू, अंजली व आंचल शामिल रहीं।
महिलाओं को हेल्पलाइन की जानकारी दी
कार्रवाई के दौरान मिशन शक्ति टीम ने मौके पर मौजूद बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी। उन्हें किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला हेल्पलाइन 1090, 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क करने के बारे में जागरूक किया गया।
