रिपोर्ट – नितिन कुमार
रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र के गांव रसूला में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान मुखविंदर सिंह पुत्र सोहन सिंह ने बताया कि वह गांव के पास खाली खेत में अपने जानवर चरा रहे थे। पिछले कई दिनों से 11 हजार की लाइन पर सूखा पेड़ गिरने के कारण तार जमीन से टच हो रहा था। इसकी शिकायत खेत स्वामी और बिजली विभाग से कई बार की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
आज जानवर चराते समय अचानक दो भैंस और एक गाय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। किसान ने विभाग से मुआवजे की मांग की है।इस संबंध में अधिशासी अभियंता कर्मवीर सिंह ने बताया कि मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
