रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने सोमवार देर रात सिसौना रोड पर मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर शादाब उर्फ कलीम को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, नई मंडी थाना क्षेत्र की बागोंवाली चौकी पुलिस सोमवार रात सिसौना रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश बाइक से सिसौना की ओर से आने वाला है और उसके पास अवैध हथियार भी है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने सिसौना पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद सिसौना की ओर से बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर कच्चे रजवाहे की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कच्चा और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण कुछ दूरी पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का दावा है कि बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागते समय बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शादाब उर्फ कलीम घायल हो गया।
घायल बदमाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। मौके से बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताया है।
छह मुकदमों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, शादाब उर्फ कलीम नई मंडी थाने में दर्ज छह मुकदमों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वह खतौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसका हिस्ट्रीशीट नंबर HS-26A बताया गया है।
आरोपी के खिलाफ नई मंडी, खतौली, रतनपुरी, मंसूरपुर और नागल थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मुठभेड़ के बाद की कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक रूपेश कुमार, संदीप कुमार, दिनेश कौशिक, शेखर कंडपाल समेत नई मंडी थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
