रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मोरना मार्ग स्थित इंटर कॉलेज भोकरहेड़ी में मंगलवार को दस दिवसीय एनसीसी शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपदों की विभिन्न बटालियनों के करीब 600 चयनित एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। शिविर में पहुंचते ही कैडेट्स में खासा उत्साह दिखाई दिया।
लेफ्टिनेंट अमित राणा ने बताया कि 82 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण भाल, विशिष्ट सेना मेडल के दिशा-निर्देशन में शिविर आयोजित किया जा रहा है। 29 सितंबर से आठ अक्टूबर तक चलने वाले शिविर में कैडेट्स को परेड, कदमताल, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य राजधानी दिल्ली में होने वाली प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड के लिए योग्य कैडेट्स का चयन और उन्हें तैयार करना है। इसके लिए कैडेट्स से परेड की बारीकियों और कदमताल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों में भी उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा।
शिविर के दौरान सैन्य प्रशिक्षण के साथ कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया जाएगा। नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दस दिवसीय शिविर में कैडेट्स को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ गणतंत्र दिवस परेड के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
