दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र आलियाबाद ग्राम पंचायत में है सर्वेश्वर महादेव मंदिर
92.94 लाख रुपये से संवर रहा सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर
यात्री निवास का ढांचा तैयार, स्लैब निर्माण का काम प्रगति पर
हॉल निर्माण के साथ मंदिर का होगा व्यापक जीर्णोद्धार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता से धार्मिक स्थलों का विकास
रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर जल्द ही बाराबंकी के पर्यटन मानचित्र पर भी नई पहचान बनाएगा। मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों में अब तेजी आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता के तहत धार्मिक स्थलों के विकास की योजना के अंतर्गत यह परियोजना आगे बढ़ रही है। पर्यटन विभाग के तत्वावधान में मंदिर परिसर को 92.94 लाख से श्रद्धालुओं की सुविधाओं से लैस करने का काम हो रहा है।
कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा संचालित इस परियोजना की शुरुआत 24 अप्रैल 2026 को हुई थी। वर्तमान में भौतिक प्रगति आठ प्रतिशत है। यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि चिनाई का काम प्रगति पर है। इससे पहले यात्री निवास का ढांचा तैयार हो चुका है और स्लैब निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी है। साथ ही हॉल निर्माण तथा मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार की योजना भी शामिल है, जिससे परिसर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनेगा। परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि सर्वेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चल रहा है। यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का कार्य पूरा हो गया है। अब चिनाई का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और मंदिर परिसर पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बने। गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य को समय से पूरा करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
दूर-दूर से आने वाले भक्तों को मिलेगी सुविधा
पर्यटन अधिकारी मनीषा चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बाराबंकी सहित पूरे प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास प्राथमिकता पर है। आलियाबाद के सर्वेश्वर महादेव मंदिर में यात्री निवास सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण हो रहा है। इससे न केवल स्थानीय श्रद्धालु बल्कि दूर-दूर से आने वाले भक्तों को सुविधा मिलेगी। पर्यटन विभाग इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
स्थानीय लोग विकास कार्य से बेहद उत्साहित
मंदिर परिसर में यात्री निवास के अलावा हॉल निर्माण और जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं के रुकने, पूजा-अर्चना और विश्राम की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। पर्यटन विभाग ने इस दिशा में सक्रिय कदम बढ़ाए हैं। स्थानीय लोग भी इस विकास कार्य से उत्साहित हैं। वे मानते हैं कि इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
