रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत बुधवार को डीएवी कॉलेज, आर्य समाज रोड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया।
कॉलेज प्रबंधन ने एसएसपी का स्वागत किया। एसएसपी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज पर भी गंभीर असर डालता है। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें खुद नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। छात्रों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
ऑपरेशन सवेरा और नशामुक्त भारत अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार जारी है।
