अमरोहा। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने देर रात्रि कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि कहीं भी अव्यवस्था या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।
