पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता
मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने ट्रांसफॉर्मर और किसानों की ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह के तीन अन्य सदस्य अंधेरे और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश
शनिवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित अंडरपास से नहर पटरी मार्ग पर ग्राम जोगियाखेड़ी के पास पुलिस और एसओजी की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और पीछा करने पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजू उर्फ राजीव निवासी हिंड (शामली) घायल हो गया। वहीं मोहित शर्मा निवासी बुढ़ीना कला (तितावी) और सुहेल निवासी महबड़ कला (हरिद्वार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गन्ने के खेत से चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में छह कॉपर कॉयल, दो सिल्वर कॉयल, ट्यूबवेल के तीन कटआउट, करीब आठ फीट केबिल तथा तार काटने का कटर, प्लास, रिंच, हथौड़ी और अन्य उपकरण शामिल हैं।
एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं कबूलीं
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हाल ही में ग्राम लोई के सरकारी स्कूल से ट्रांसफॉर्मर का तेल और कॉयल चोरी की थी। इसके अलावा फुगाना क्षेत्र में किसानों की लगभग एक दर्जन ट्यूबवेलों से स्टार्टर, कटआउट और केबिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी का सामान गिरोह का फरार सदस्य मुसाहिद खरीदकर आगे बेचता था।
तीन आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरोह के फरार सदस्य मुजम्मिल, सोनू उर्फ सरफराज और मुसाहिद की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
थानाध्यक्ष दीपक चौधरी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चौधरी सहित फुगाना थाना और एसओजी देहात की संयुक्त टीम शामिल रही। उत्कृष्ट कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
