रिपोर्ट: श्रावस्ती
दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था मासूम
श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के शिव बालक पुरवा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मासूम अश्वनी देर शाम गर्मी से राहत पाने के लिए अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था।
डूबने की सूचना पर चला रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर तक तलाश के बाद देर रात मासूम का शव नहर से बरामद कर बाहर निकाला गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
