रिपोर्ट: संदीप वर्मा
बाराबंकी से बड़ी खबर
बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को विकास खंड निन्दूरा के हेमा का पुरवा आंगनबाड़ी केंद्र और ग्राम अगासण्ड स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से किया संवाद
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती से पंजीकृत बच्चों, नियमित उपस्थिति, पूरक पोषाहार वितरण तथा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने वीएचएनडी सत्र, सैम (SAM) और मैम (MAM) बच्चों की पहचान, उपचार और फॉलोअप की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचे।
जलभराव से प्रभावित गौ संरक्षण केंद्र का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्राम अगासण्ड स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र में जलभराव की समस्या का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि जलभराव के कारण केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर गौ संरक्षण केंद्र का संचालन जल्द शुरू कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तकनीकी रिपोर्ट और नदी की सफाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने बाढ़ कार्यखंड को स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही रेठ नदी की सफाई कराने तथा परिसर में जल निकासी और वर्षा जल संचयन के लिए तालाब की खुदाई कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी, निन्दूरा को दिए।
भविष्य के लिए स्थायी व्यवस्था पर जोर
डीएम ने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे वर्षा ऋतु के दौरान भी गौ संरक्षण केंद्र का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रह सके और पशुओं की देखभाल प्रभावित न हो।
