ब्यूरो: कबीर
मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर
अपर मुख्य सचिव एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत रोहाना टोल प्लाजा पर आबकारी विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी वाहन से अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
वाहनों की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई। आबकारी विभाग ने बताया कि जांच में किसी भी प्रकार की अवैध शराब या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
मदिरा दुकानों का भी किया निरीक्षण
चेकिंग अभियान के साथ-साथ आबकारी निरीक्षकों ने जिले की मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री की जांच, स्टॉक रजिस्टर का भौतिक सत्यापन तथा निर्धारित मूल्य पर शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी किए गए।
सीसीटीवी और क्यूआर कोड की भी जांच
निरीक्षण के दौरान दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टॉक में रखी शराब की बोतलों के क्यूआर कोड विभागीय ऐप के माध्यम से स्कैन कर सत्यापन किया गया। सभी देशी शराब की दुकानों पर 42.8 प्रतिशत अल्कोहल वाली 100 एमएल की मदिरा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
