रिपोर्ट: राकेश कुमार
बिजनौर से बड़ी खबर
बिजनौर के धामपुर ब्लॉक क्षेत्र में भूगर्भ जल सप्ताह का शुभारंभ ग्राम पंचायत हुसैनपुर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्रीमती क्षमा हेमलता चौहान ने फावड़े से तालाब की खुदाई कर अभियान की शुरुआत की।
जल संरक्षण को बताया सभी की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि भूगर्भ जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि अभी से प्रभावी जल संरक्षण उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है।
उन्होंने सभी ग्रामवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और “जल है तो कल है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जल संरक्षण की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित ग्रामीणों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने जल बचाने और भूगर्भ जल संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला मंत्री (भाजपा) श्रीमती मिथलेश देवी, बीडीओ त्रिलोक चंद, लघु सिंचाई विभाग के जेई राजवीर सिंह, ग्राम प्रधान कफ़ील अहमद, सचिव अमित कुमार, शमशेर सिंह, हितेश, सौरभ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिमांशु चौहान ने किया।
