लोकेशन : हरदोई
हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र के ख्वाजगीपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ तालाब से निकलकर ग्रामीण बेचेलाल के घर के बरामदे में पहुंच गया। अचानक मगरमच्छ को देखकर परिजन और आसपास के लोग घबरा गए तथा इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
घर में मगरमच्छ पहुंचने से मची अफरा-तफरी
ग्रामीणों के अनुसार, तालाब से निकला मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया और एक घर के बरामदे में घुस गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा मगरमच्छ
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को आबादी से दूर किसी सुरक्षित नदी या प्राकृतिक जलाशय में छोड़ा जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में वापस जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
लोगों ने ली राहत की सांस
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी जंगली जीव के आबादी वाले क्षेत्र में आने की सूचना मिले तो स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दें।
