रिपोर्टर : विरेन्द्र तोमर
लोकेशन : बागपत
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘परिवर्तन योजना’ लागू की गई है। योजना के तहत पुराने बीएस-I से बीएस-IV वाहनों के स्थान पर बीएस-VI, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले पात्र वाहन स्वामियों को विभिन्न प्रकार की रियायतें प्रदान की जाएंगी।
पुराने वाहन बदलने पर मिलेंगी कई सुविधाएं
एआरटीओ (प्रवर्तन) विपिन कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र वाहन स्वामी पुराने प्रदूषणकारी वाहन जमा कर नए बीएस-VI अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदते हैं तो उन्हें कई आर्थिक लाभ दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों की संख्या कम करना और पर्यावरण अनुकूल वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना है।
10 वर्ष तक मोटर वाहन कर में छूट
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 10 वर्षों तक 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर में छूट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा वाहन पंजीकरण शुल्क भी पूरी तरह माफ रहेगा।
अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न वाहन निर्माता कंपनियां भी योजना के अंतर्गत 8 प्रतिशत तक का अपफ्रंट डिस्काउंट उपलब्ध करा सकती हैं।
स्वच्छ परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
परिवहन विभाग का कहना है कि इस योजना के माध्यम से एनसीआर क्षेत्र में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जगह आधुनिक बीएस-VI, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
वाहन स्वामियों से की अपील
एआरटीओ (प्रवर्तन) विपिन कुमार ने पात्र वाहन स्वामियों से अपील की कि वे योजना की पात्रता और शर्तों की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल वाहन मालिकों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
