Homeउत्तर प्रदेशजलभराव वाले इलाकों में पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, अधिकारियों को दिए...

जलभराव वाले इलाकों में पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्टर: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

बारिश के बीच मंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका परिषद और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ रामपुरी क्षेत्र एवं मिमलाना रोड का निरीक्षण किया।

पानी में उतरकर देखा हाल

निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वयं पानी के बीच उतरकर स्थिति का जायजा लेते दिखाई दिए। उन्होंने मिमलाना रोड और आसपास की गलियों का पैदल तथा स्कूटी से भ्रमण कर जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल निकासी कार्य में तेजी लाने, प्रभावित क्षेत्रों से पानी जल्द निकालने तथा नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था करने को भी कहा।

आमजन को राहत देने पर जोर

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

जलभराव से राहत दिलाने का भरोसा

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य तेजी से किए जाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द समस्या से राहत मिल सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments