Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी ने रामपुर को दी 690 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं...

सीएम योगी ने रामपुर को दी 690 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं की सौगात

रिपोर्ट: शारिक खान

रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शाहाबाद में आयोजित जनसभा के दौरान रामपुर जनपद को 690.39 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान 430.68 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 259.71 करोड़ रुपये की 27 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पुल, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

विकास कार्यों को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से होकर गुजरेगा, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार कार्य कर रही है।

आस्था, सुरक्षा और रोजगार पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने रामपुर के धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के माध्यम से रामपुर के जरी-जरदोजी, पैचवर्क और वायलिन उद्योग को नई पहचान मिली है तथा युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

गरीब कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पात्र लोगों को पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आयुष्मान योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की भी बात कही।

मेधावियों, किसानों और उद्यमियों का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा के मेधावी छात्रों, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों, किसान दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी परिवारों तथा युवा उद्यमियों को सम्मानित किया। साथ ही जिले के प्रमुख उद्योगपतियों और उद्यमियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

75 परियोजनाओं का लोकार्पण

लोकार्पित परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, राजकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों का निर्माण, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, बस स्टेशन, पुलिस भवन, कॉमन सर्विस सेंटर तथा अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 430.68 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

27 नई परियोजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 259.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 नई परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें नई पेयजल योजनाएं, बड़े पुलों का निर्माण, नगर क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पॉलीटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रामलीला मैदानों का सुदृढ़ीकरण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और रामपुर सहित पूरे प्रदेश में समग्र विकास को गति देना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments