रिपोर्ट: राकेश कुमार
बिजनौर। शिवाला कला थाना क्षेत्र के जौनपुर गांव में एक किसान का शव खेत में बने कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जौनपुर निवासी 40 वर्षीय रिंकू शनिवार सुबह अपने खेत पर सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने खेत में बने एक कुएं में शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी चांदपुर तथा शिवाला कला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मृतक के बाएं हाथ और आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला कुएं में गिरने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
