रामपुर से शारिक खान की रिपोर्ट
रामपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान लाला एवं ज़िलाध्यक्ष अंसार अहमद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में व्याप्त बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों, स्मार्ट मीटर की कथित गड़बड़ियों तथा विद्युत नीतियों के विरोध में नवाब गेट बिजली घर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में पंखे लेकर पहुंचे और महामहिम राज्यपाल के नाम अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम, रामपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश के अनेक जिलों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का आरोप है कि जनपद रामपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था प्रभावित है, जबकि उपभोक्ताओं पर बढ़ती बिजली दरों का बोझ लगातार बढ़ रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान लाला ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही बिजली कटौती और अव्यवस्थाओं के कारण जनता परेशान है तथा सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी है।
ज़िलाध्यक्ष अंसार अहमद ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और अपेक्षा से अधिक बिजली बिल आने जैसी समस्याओं से उपभोक्ता आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, स्मार्ट मीटर एवं कथित फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने, बिजली दरों में वृद्धि रोकने तथा उपभोक्ताओं के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।
