रिपोर्ट: संदीप वर्मा | बाराबंकी, उत्तर प्रदेश
बाराबंकी जिले में लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार इनोवा कार पीछे से एक ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तराखंड स्थित कैंची धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे।
रात दो बजे हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब दो बजे हुआ। जानकारी के अनुसार सुलतानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर के पीछे चल रही इनोवा अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा भिड़ी।
जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे सभी
पुलिस के मुताबिक सभी यात्री Toyota Innova कार से वाराणसी से उत्तराखंड स्थित कैंची धाम के दर्शन के लिए निकले थे।
हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को पहले सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में सत्यम सिंह (43) पुत्र स्वर्गीय तेज प्रताप सिंह निवासी रामपुर थाना रसड़ा बलिया, राहुल सिंह (55) पुत्र अजय सिंह निवासी गैबीपुर औड़िहार थाना सैदपुर गाजीपुर, राहुल कुमार (35) पुत्र संजय कुमार निवासी मुगलसराय चंदौली और सूरज मिश्र (40) पुत्र ओम प्रकाश मिश्र निवासी निकसपुर थाना राजेसुल्तानपुर अंबेडकर नगर की मौत हो गई।
वहीं चंदन सिंह पटेल, पंकज सिंह और प्रशांत सिंह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों के बारे में जानकारी
पुलिस के अनुसार मृतक सत्यम सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए थे और वाराणसी में हॉस्टल का संचालन करते थे।
वहीं राहुल कुमार जिला अस्पताल चंदौली में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात थे। राहुल सिंह खेती का कार्य करते थे, जबकि सूरज मिश्र वाराणसी में कोचिंग पढ़ाते थे।
अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक सत्यम सिंह के छोटे भाई आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही हादसे का कारण सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
