Homeउत्तर प्रदेशबेटे का जन्मदिन मनाने आया दामाद बना हमलावर, पारिवारिक विवाद में पत्नी...

बेटे का जन्मदिन मनाने आया दामाद बना हमलावर, पारिवारिक विवाद में पत्नी समेत तीन महिलाओं को मारी गोली

रिपोर्ट: कबीर | मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर शहर की पॉश पंचशील कॉलोनी रविवार देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठी। बेटे का जन्मदिन मनाने देहरादून से ससुराल पहुंचे एक युवक ने पारिवारिक विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें पत्नी समेत तीन महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहा था विवाद

यह घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी अनंत विजय मित्तल और उसकी पत्नी राधिका मित्तल के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

बताया गया कि रविवार को अनंत विजय मित्तल अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए देहरादून से मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल पहुंचा था।

कहासुनी के बाद चली गोलियां

परिवार के लोगों के अनुसार घर के अंदर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर अनंत विजय मित्तल ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में आरोपी की सास, चचिया सास और पत्नी की भाभी घायल हो गईं। अचानक हुई गोलीबारी से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।

आरोपी गिरफ्तार, रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनंत विजय मित्तल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पारिवारिक विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments